
लुधियाना। कृषि सुधार कानूनाें के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानाें ने वीरवार काे लाडोवाल टोल प्लाजा में चार घंटे का जाम लगा दिया। दोपहर 12 बजे बजते ही सतलुज पुल पर ट्रालियां लगा दी गईं और दोपहिया वाहनों तक को निकलने का रास्ता नहीं मिला।
जालंधर जिला प्रशासन ने 12 बजे से पहले ही वाहनों को फिल्लौर की ओर डायवर्ट कर दिया, जबकि लुधियाना में लाडोवाल थाने के पास से ही वाहनों को टोल प्लाजा की ओर जाने नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग 25 दिनों से कृषि सुधार कानून के खिलाफ धरने पर बैठे किसान संगठनों ने वीरवार दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक पंजाब के तमाम टोल प्लाजा पर वाहनों की ब्रेक लगाने की घोषणा की थी। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए।
सेना का वाहन फंसा तो किसान पहुंचे निकालने
नेशनल हाईवे में जाम के दौरान हालांकि किसानों ने इमरजेंसी सेवाओं को छूट दे रखी थी, लेकिन इस दौरान सेना का वाहन ही फंस गया। हुआ यूं कि सेना का वाहन पठानकोट से मेरठ जा रहा था। इस दौरान लाडोवाल टोल प्लाजा से पहले सतलुज पुल पर बैरिकेटिंग में फंस गया। पीछे वाहन और आगे जाम में सेना का वाहन फंसा देखकर किसान दौड़े और ट्रालियां व बेरिकेट्स हटाए। इसके बाद सैन्य वाहन को निकाला गया। लडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों ने दोनों तरफ ट्राली लगाकर जाम लगा दिया है। युवा ट्रॉली के पास खड़े हैं जबकि बाकी किसान टोल प्लाजा पर धरने पर कविशरी जत्था वीर वीर रस की कविता सुना रहे हैं।
खेतों से टोल रोड क्रॉस करने का प्रयास
एंबुलेंस व अन्य इमरजेंसी में निकलने वाले वाहनों के लिए किसानों ने एक लाइन खाली करवा दी है उसी से ऐसे वाहन निकाले जा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकाें ने खेतों से टोल रोड क्रॉस करने का प्रयास किया लेकिन वहां नजर पड़ते हैं किसानों का एक ग्रुप नाका लगाकर खड़ा हो गया। ऐसे वाहनों को भी वहीं पर रोक दिया गया है।
26 नवंबर से दिल्ली चलो अभियान किया जाएगा शुरू
इससे पहले आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए 31 किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चंडीगढ़ में मीटिंग की। भारतीय किसान यूनियन कांदियां के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां ने बताया कि टोल प्लाजा, रेलवे ट्रैक, निजी कंपनी के पेट्रोल पंप के सामने धरने जारी रहेंगे। रेलवे ट्रैक पर बैठे किसानों को कहीं ओर प्रदर्शन करने के निर्देश जारी किए हैं ताकि मालगाड़ियां जा सके। लेकिन पैसेंजर ट्रेन नहीं चलने दी जाएगी। पांच नवंबर को 12 से चार बजे तक नेशनल व स्टेट हाईवे पर चक्का जाम किया जाएगा। 26 नवंबर से दिल्ली चलो अभियान आरंभ किया जाएगा।





