
जालंधर। एक सितंबर को अनंत चौदस वाले दिन जिला प्रशासन की ओर से मेला करवाने की अनुमति न मिलने के बावजूद सोढल मंदिर में भक्तों की आमद बरकरार है। इसके साथ ही बाबा सोढल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की जा रही चढ़ावे की राशि की गिनती भी जारी है। गत शुक्रवार को मौसम सुहावना होने के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई। पुलिस द्वारा मंदिर के बाहर लगे बैरिकेड्स हटा देने के बाद भक्त निर्विघ्न मंदिर पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि अनंत चौदस वाले दिन मंदिर न पहुंच सकने वाले श्रद्धालु अब मंदिर में आकर नतमस्तक हो रहे हैं।
चड्ढा बिरादरी के प्रधान विपिन चड्ढा बब्बी ने बताया कि बाबा सोढल मेला करवाने की अनुमति न मिलने के साथ ही भक्तों से घरों में रहकर ही बाबा की भक्ति करने का आह्वान किया था। बिरादरी के परिवारों को भी केवल एक सदस्य के साथ मंदिर आकर धार्मिक रस्में पूरी करवाई गई है। अनंत चौदस के बाद आने वाले भक्तों को भी प्रशासन की गाइडलाइंस के मुताबिक मंदिर में प्रवेश करवाया जा रहा है।
उधर, सोढल मंदिर ट्रस्ट की ओर से चढ़ावे की गिनती जारी है। यह राशि शुक्रवार को 8.9 लाख रुपये तक पहुंच गई। ट्रस्ट के कैशियर सुरेश चड्ढा ने बताया कि भक्तों की बाबा के प्रति आपार आस्था के चलते अभी भी श्रद्धालुओं की मंदिर में आमद जारी है। दिन व शाम दोनों समय बाबा के भक्त मंदिर में नतमस्तक होने पहुंच रहे है। जमा राशि को ट्रस्ट के बैंक अकाउंट में जमा करवाया जा रहा है।





