
चंडीगढ़/जालंधर। कांग्रेस अध्यक्ष की तैनाती को लेकर चल रही चर्चाओं के साथ ही पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम को कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत की और सिद्धू के स्तर पर की जा रही खेमेबंदी के तमाम नामों पर विचार-विमर्श किया। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री जल्द ही मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकते हैं। इनमें कई मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। खासतौर पर सिद्धू खेमे में खुलकर दिखाई देने वाले मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा निशाने पर रह सकते हैं। इसके अलावा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, तृप्त राजिंद्र सिंह बाजवा, सुखबिंद्र सिंह सरकारिया के अलावा भी कुछ मंत्रियों के नाम चर्चा में हैं। शनिवार को मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ और बलबीर सिंह सिद्धू को लेकर भी चर्चा उड़ी लेकिन कहा गया कि इन मंत्रियों की सिद्धू के साथ कोई मुलाकात तय नहीं थी, बल्कि सैक्टर-39 में एक ही जगह पर मंत्रियों के आवास होने के कारण रंधावा इन मंत्रियों के घर पर भी मुलाकात के लिए पहुंच गए। यह केवल एक शिष्टाचार मुलाकात थी, जिसके कोई सियासी मायने नहीं हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा कैबिनेट को नया रूप देने का ब्ल्यू प्रिंट तैयार कर लिया गया है तथा वह 20 जुलाई को कैबिनेट में फेरबदल कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने कैबिनेट में फेरबदल करने संबंधी कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को पूरे अधिकार दे दिए हैं। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की पिछले कुछ दिनों से लगातार कुछ मंत्रियों के साथ नाराजगी चली आ रही है। पहले यह माना जा रहा था कि शायद कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा अपने कैबिनेट में ज्यादा फेरबदल नहीं किया जाएगा परन्तु अब कहा जा रहा है कि कैप्टन अपनी इच्छानुसार कैबिनेट में भारी तब्दीलियां कर सकते हैं। इसमें नए मंत्रियों को कैबिनेट में स्थान दिया जाएगा तो कुछ मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पता चला है कि हरीश रावत तथा कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के मध्य हुई बैठक में यह साफ कर दिया गया कि मुख्यमंत्री को अपने कैबिनेट में फेरबदल का पूरा अधिकार है। इसकी रूप-रेखा अगले एक-दो दिनों में तैयार होने की उम्मीद है। कैप्टन इस संबंध में मैरिट को आधार बनाते हुए फेरबदल करेंगे। जिन मंत्रियों की कारगुजारी ठीक नहीं है उनके स्थान पर नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। इसलिए अब अगला सप्ताह काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैप्टन अमरेन्द्र भी अब मेहनत करने वाले नेताओं को कैबिनेट में स्थान देंगे ताकि अगले कुछ महीनों में सरकार और प्रभावी ढंग से काम कर सके।





