क्रांति हेडलाइंस : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन को इलाहाबाद कौशांबी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव ने अपना नामांकन दाखिल किया। कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के बाद बातचीत में बीजेपी प्रत्याशी ने अपनी जीत का भी दावा किया। डॉ. केपी श्रीवास्तव ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता पीएम मोदी और सीएम योगी के साथ है। उन्होंने कहा है कि स्थानीय निकाय के निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा विधान परिषद सदस्य चुने जाने में भाजपा के बीडीसी ग्राम प्रधान और दूसरे चुने हुए जनप्रतिनिधियों की मदद से उन्हें निश्चित तौर पर जीत हासिल होगी।
भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इस चुनाव में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। यूपी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत का भी निश्चित तौर पर एमएलसी चुनाव में पार्टी को फायदा मिलेगा। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने दो दशक पूर्व प्रयागराज के मेयर रहे डॉक्टर केपी श्रीवास्तव को इलाहाबाद कौशांबी विधान परिषद सीट के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर अब तक एक निर्दलीय प्रत्याशी और सपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य वासुदेव यादव ने नामांकन दाखिल किया है।





