
पंजाब पुलिस ने बुधवार को बताया कि पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर हमले के मामले में एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले में रैना के फूफा और फुफेरे भाई की मौत हो गई थी।
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने बुधवार को बताया कि पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर हमले के मामले में एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले में रैना के फूफा और फुफेरे भाई की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अंतरराज्यीय लुटेरे-अपराधी गिरोह के सदस्य हैं। इस बीच रैना परिवार से मिलने के लिए पठानकोट पहुंच गए हैं। यह हमला 19-20 अगस्त की रात को पठानकोट के थारयाल गांव में हुआ था। पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने यहां बताया कि 11 अन्य आरोपियों को अभी गिरफ्तार किया जाना है। रैना के फूफा अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि कुमार के बेटे कौशल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। कुमार की पत्नी आशा रानी अस्पताल में है और उनकी हालत नाजुक है। हमले में जख्मी हुए दो अन्य को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पूर्व क्रिकेटर ने हमले को बेहद भयानक बताया था और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से इस घटना पर ध्यान देने का आग्रह किया था। पंजाब पुलिस ने जांच के लिए चार सदस्य विशेष जांच दल गठित किया था।





