क्रांतिहैडलाइन जालंधर :पंजाब में लुधियाना पुलिस ने MUTUAL FUND में पैसा लगाने वालों के जाली डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर उनके 49 करोड़ रुपए निकलवा लेने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम संदीप सिंह है जो लुधियाना के भाई रणधीर सिंह (BRS) नगर का रहने वाला है। संदीप खुद लुधियाना में HDFC MUTUAL FUND की फिरोजगांधी मार्केट ब्रांच में काम करता है।लुधियाना में HDFC बैंक के सीनियर अधिकारी शीशपाल सिंह ने पुलिस में संदीप सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। लुधियाना के डिवीजन नंबर 5 थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। लुधियाना CIA-1 के इंस्पेक्टर राजेश शर्मा ने मंगलवार को रेडकर संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
बैंक प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, संदीप सिंह MUTUAL FUND में पैसा लगाने वालों के फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर उनके पैसे निकलवा लेता था। बताया जा रहा है कि वह अब तक अलग-अलग लोगों के खातों से 48 करोड़ 98 लाख 42 हजार 270 रुपये निकलवा चुका है। बताया जा रहा है कि म्युचुअल फंड कंपनी का कर्मचारी होने की वजह से संदीप सिंह को तमाम ऐसे खातों की जानकारी होती थी जिनमें या तो लंबे समय से ट्रांजेक्शन नहीं हो रहा था या जो लंबे समय से ऑपरेटिव नहीं थे। संदीप को लगभग सभी क्लाइंट्स की भी जानकारी होती थी इसलिए वह बहुत ही शातिर तरीके से लोगों के फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनवाकर उनके अकाउंट्स में पड़ी रकम निकलवा लेता था।
कई लोगों के शामिल होने का शक
इस पूरे गड़बड़झाले में संदीप सिंह के साथ कई और लोगों के भी शामिल होने का शक है। जाली डेथ सर्टिफिकेट बनवाने से लेकर म्युचुअल फंड की रकम संबंधित लोगों को पता चले बगैर अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करवाने या उसे निकलवाने तक का सारा खेल इकलौते आदमी के बस से बाहर का है।
लुधियाना पुलिस संदीप सिंह से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किस-किस आदमी के म्युचुअल फंड के पैसे निकलवाए जाने हैं? इसका चुनाव कैसे करता था। उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
संदीप सिंह को बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि घपले की सही रकम और उसकी ठगी का शिकार बने लोगों की लिस्ट पता चल सके।





